Jagadhri Hulchul. जिला स्तरीय गीता जंयती महोत्सव के दूसरे दिन अनेक शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों द्वारा धार्मिक और सांस्कृतिक छठा बिखेरते हुए अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। गीता पूजन के साथ शुरू हुए कार्यक्रमों में विभिन्न स्कूल कालेज के छात्र-छात्राओं व सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। स्कूल के विद्यार्थियों को श्री कृष्ण सेवा समिति द्वारा सम्मानित किया गया।
गीता जंयती समारोह के दूसरे दिन के कार्यक्रम में बोलते हुए उपायुक्त रोहतास सिंह खर्ब ने कहा कि गीता राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर विख्यात है। गीता के बारे विश्व के अनेक विद्वानों ने अपनी अपनी भाषा में टिप्पणीयां की है और इसे महान ग्रंथ की उपाधि दी है। गीता ज्ञान का अथाह भंडार है और गीता विश्व का ऐसा ग्रंथ है जिसकी रचना युद्ध स्थल पर हुई है। दुनिया की 21वीं सदी की सभी समस्याओं का हल श्रीमदभागवत गीता में निहित है। गीता सार्वभौमिक व सर्वकालिक है। इस सृष्टि पर जब तक मानव जीवन है तब तक गीता का महत्व दुनिया के प्रत्येक व्यक्ति के लिए है। अत: हम सभी को अपना जीवन सफल बनाने के लिए गीता ग्रंथ का अध्ययन अवश्य करना चाहिए।
उपायुक्त रोहतास सिंह खर्ब ने गीता महोत्सव में कहा कि गीता से हमें बहुत ज्ञान प्राप्त होता है, गीता सार में कहा गया है कि “कर्म करते रहे, फल की चिन्ता मत करें” इस सार के अनुसार यदि कर्म करने के पश्चात हमें सफलता नहीं मिलती तब भी हमें कर्म अवश्य करना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने से हमारी कर्म करने की प्रवृति में कोई परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमें जो मिला है उसमें ही हमें संतोष करना चाहिए और अपने जीवन में यह संकल्प लें कि हम गीता का प्रतिदिन अध्ययन करें और गीता में निहित ज्ञान के भंडार को घर-घर तक अवश्य पहुंचाएं तो निश्चित रूप से हमारा विकास होगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त के.के. भादु, जगाधरी के एसडीएम भारत भूषण कौशिक, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम बिश्रोई, जगाधरी के तहसीलदार दर्शन सिंह, सर्व शिक्षा अभियान से डॉ. धर्मवीर सहित अन्य अधिकारी श्री कृष्ण सेवा समिति के पदाधिकारी व अन्य सदस्य, गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न शिक्षण संस्थाओ के विद्यार्थी उपस्थित थे।


.
Please follow below social handles to get updates from Yamunanagar Hulchul
Pinterest | Youtube | Facebook | FB Group | Instagram | Twitter | Website | Blog